दर्दनाक हादसा! बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी, तेज रफ्तार हाइवा ने शादी से 15 दिन पहले उजाड़ दिया घर
Thursday, Apr 02, 2026-11:56 AM (IST)
Bihar Road Accident News : बिहार के बेगूसराय में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने ठेला चलाकर घर लौट रहे 50 वर्षीय शख्स को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम नगर थाना क्षेत्र के लोहिया नगर गुमटी के पास एनएच-31 की है। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 28 निवासी अशोक सहनी के रूप में हुई है। अशोक सहनी वीआईपी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद सहनी के साले थे। बताया जा रहा है कि अशोक सहनी रोज की तरह अपना काम निपटाकर ठेला लेकर घर जा रहे थे, तभी खगड़िया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अशोक सहनी की मौके पर ही मौत हो गई।
15 अप्रैल को थी बेटी की शादी, तैयारियों के बीच उठी अर्थी
इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि आगामी 15 अप्रैल को अशोक की बेटी की शादी होनी तय थी। लेकिन इस एक हादसे ने शहनाइयों की गूंज को चीख-पुकार में बदल दिया। वहीं इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुँचा भारी पुलिस बल, CCTV खंगाल रही टीम
इधर हादसे के बाद ट्रैफिक डीएसपी रंजीत कुमार और नगर थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

