पटना में दिल दहलाने वाली वारदात, पहले की 6 वर्षीय मासूम की हत्या...फिर पंखे से लटकाया शव; फैली सनसनी
Saturday, Sep 27, 2025-12:53 PM (IST)

Patna Crime: पटना के मसौढ़ी से दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 6 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उन्होंने मसौढ़ी-दतमई सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया है।
घर में अकेला था आयुष
दरअसल, मामला मसौढ़ी थाने के जगपुराबिगहा टांड गांव का है। मृतक की पहचान स्व. अमर यादव के सबसे छोटे पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष घर में अकेला था। इसी बीच अपराधियों ने आयुष कुमार की हत्या कर गले में फंदा डालकर पंखे से लटका दिया। घटना के समय उसका आठ वर्षीय ननिहाल गया था। वहीं 10 वर्षीय बड़ा भाई गांव के स्कूल में पढ़ने गया था। आयुष की मां खेत में काम करने गई हुई थी। बड़ा भाई स्कूल से लौटकर घर के ऊपर गया। उसने छोटे भाई को पंखे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खबर मिलते ही मां भी भागकर घर लौटी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मसौढ़ी एसडीपीओ वन और थानाध्यक्ष ने लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर अनुसंधान में जुटी है। एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।