देर रात घर से शौच के लिए निकला 18 वर्षीय युवक, सुबह पोखर में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
Saturday, Sep 27, 2025-05:42 PM (IST)

Bhojpur News: बिहार के भोजपुर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक 18 वर्षीय युवक की पोखर में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत झौंवा गांव की है। मृतक की पहचान स्वर्गीय हरेराम राम के 18 वर्षीय पुत्र ऋषि कुमार उर्फ छोटा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात ऋषि घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के ही एक पोखर में उसका शव देखा तो हड़कंप मच गया।
आशंका जताई जा रही है कि ऋषि शौच के दौरान फिसलकर पोखर में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।