राबड़ी के नेतृत्व में RJD के पार्षदों ने पोर्टिको में की नारेबाजी, कहा- जो काले कानून पास करवाए जा रहे हैं हम उनका करते हैं विरोध

3/1/2024 12:36:45 PM

पटनाः बिहार विधान मंडल बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। वहीं, विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होने से पहले राजद के विधान पार्षदों ने बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और नए कानून के खिलाफ विधान परिषद पोर्टिको में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता विरोधी दल राबड़ी देवी ने अपनी पार्टी के नेताओं के साथ प्रदर्शन किया। राबड़ी देवी ने कहा कि जो काले कानून पास करवाए जा रहे हैं हम इसका विरोध करते हैं।

"भाजपा कमजोर है इसलिए विधायकों को पैसे देकर खरीद रही"
वहीं, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा कमजोर है इसलिए वे विधायकों को पैसे देकर खरीद रही है। ना सिर्फ बिहार में बल्कि पूरे देश में सरकार कमजोर हो गई है, इसलिए खरीद-फरोख्त कर रही है।" इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए शुभकामना दी है। बता दें कि गुरूवार को बिहार में अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 लागू हो गया है। सदन में सत्ता पक्ष के विधायकों की संख्या अधिक है, इसलिए आराम से यह विधेयक पास हो गया। हालांकि, विपक्ष के विधायकों ने इस विधेयक का विरोध किया।

अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 पास होने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य में सक्रिय भूमि, रेत और शराब माफिया को जिम्मेदार ठहराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि ये विधेयक आपराधिक तत्वों से सख्ती से निपटने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। बिहार अपराध नियंत्रण विधेयक-2024 के तहत पुलिस को अपराध के साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने और उनकी अवैध कमाई को जब्त करने का अधिकार होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static