3 चौपहिया वाहन, एक पिस्टल, दो बैंक खाते...RJD प्रत्याशी कुमार सर्वजीत के पास है 8.70 करोड़ रुपए की संपत्ति

4/5/2024 4:51:49 PM

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और बिहार की गया लोकसभा सीट (Gaya Lok Sabha Seat) से विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (‘इंडिया') के उम्मीदवार कुमार सर्वजीत के पास 8.70 करोड़ रुपए मूल्य की चल-अचल संपत्ति तथा 30 हजार रुपए की नकदी है। प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री द्वारा दाखिल हलफनामे में यह जानकारी दी गई है। 

सर्वजीत के पास है 7.80 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति
सर्वजीत ने हाल ही में गया निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गया, नवादा, जमुई और औरंगाबाद में पहले चरण के चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान होना है। राजद नेता के हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 90.31 लाख रुपए की चल संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी सीमा के पास 1.95 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति है। सर्वजीत 7.80 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्ति (सिर्फ पैतृक) के मालिक है। राजद नेता के पास खुद अर्जित की गई कोई अचल संपत्ति नहीं है। उनकी पत्नी के पास 1.13 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्ति (स्व-अर्जित) है। 

पिता की हत्या के बाद राजनीति में आए थे सर्वजीत
सर्वजीत की चल संपत्तियों में दो बैंक खाते, तीन चौपहिया वाहन, एक पिस्टल, एक राइफल और 108 ग्राम सोना (5.94 लाख रुपए कीमत का) है। उनकी पत्नी के पास तीन बैंक खाते, एक राइफल, 27.22 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण और 60,800 रुपए कीमत के चांदी के गहने हैं। उनकी पत्नी ने 1.31 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश भी किया है। नामांकन दाखिल करने की तारीख तक राजद नेता की वर्ष 2023-2024 के लिए आय 6,20,452 रुपये थी। वह बोधगया सुरक्षित विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक हैं। अपने पिता की हत्या के बाद वह राजनीति में आए थे। उनके पिता राजेश कुमार गया से पूर्व लोकसभा सदस्य थे। गया सीट पर सर्वजीत का मुकाबला राजग उम्मीदवार व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से है। मांझी ‘हिंदुस्तान आवाम मोर्चा-सेक्यूलर' के संस्थापक हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static