'बिहार में आएंगे चौंकाने वाले परिणाम', तेजस्वी यादव बोले - NDA में इधर-उधर भटक रहे लोग, महागठबंधन एकजुट

3/30/2024 11:41:55 AM

पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) शुक्रवार को दिल्ली से पटना लौटे। पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमने कई बार इस बात को दोहराया है कि बिहार में चौंकाने वाले परिणाम आएंगे।

'NDA में लोग इधर-उधर भटक रहे'
तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन में 5 पार्टियां हैं और सभी सीट का बंटवारा हो गया है। एनडीए में कई लोगों को तो सीट तक नहीं मिली। हम लोगों का गठबंधन मजबूत है और हम मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए में लोग इधर-उधर भटक रहे हैं। महागठबंधन एकजुट है। जो लोग हम पर टिप्पणी करते हैं उन्हें हम बहुत बधाई देते हैं, उन्हें शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी स्वर्ग से अमृत पीकर नहीं आया है।

'पार्टियों से गठबंधन है, व्यक्ति विशेष से नहीं'
वहीं, पूर्णिया सीट विवाद पर राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि ये हमारा विषय नहीं है। हमारी पार्टी का गठबंधन किसी व्यक्ति के साथ नहीं हुआ है दल के साथ हुआ है। कांग्रेस के साथ हमारा बहुत पहले से गठबंधन है। सीटों पर जनवरी से ही बातचीत चल रही है। सारी बातें उसी समय तय हो चुकी हैं।

बता दें कि लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में महागठबंधन की सीटों का बंटवारा हो गया है। राजद (RJD) के हिस्से में 26 सीट आई है, जबकि कांग्रेस को 9 सीटें और लेफ्ट को पांच सीटें मिली है। बंटवारे में कांग्रेस को पूर्णिया सीट नहीं मिली है, जिससे पप्पू यादव को बड़ा झटका लगा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static