100 रुपये का नहीं दिया चंदा तो भूखे पेट 100 बार कराई उठक-बैठक, झारखंड के इस स्कूल में Students के साथ प्रताड़ना

Friday, Feb 13, 2026-02:16 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के जरमुंडी स्थित कन्या मध्य विद्यालय में सरस्वती पूजा के नाम पर 100 रुपये चंदा नहीं देने पर बच्चों को प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने उपायुक्त को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर दोषी प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग की है।

चंदा नहीं देने पर सजा का आरोप

आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक (हेड सर) ने हर छात्र से सरस्वती पूजा के लिए 100 रुपये चंदा मांगा था। जिन बच्चों ने पैसे नहीं दिए, उन्हें पूजा के बाद प्रताड़ित किया गया और स्कूल आने से भी मना कर दिया गया। कक्षा सातवीं की छात्रा नीतू कुमारी ने बताया कि उसने 100 रुपये नहीं दिए थे। इसके बाद हेड सर ने उससे 100 बार उठक-बैठक करवाई और उसे मध्याह्न भोजन नहीं दिया। ज्यादा उठक-बैठक और भूखे रहने के कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। छुट्टी मांगने पर भी उसे समय से पहले घर नहीं जाने दिया गया। घर पहुंचकर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई।

अन्य छात्रों ने भी लगाए आरोप

छात्रा जूली कुमारी, शिवांगी कुमारी, रोशन कुमार, अमन कुमार, अन्नू कुमारी, राजू कुमार और सोहन कुमार समेत कई अन्य छात्रों ने भी आरोप लगाया कि चंदा नहीं देने पर उन्हें स्कूल आने से मना किया गया। मध्याह्न भोजन के दौरान कहा गया कि जिसने चंदा नहीं दिया, उसे अंडा नहीं मिलेगा।

ताला खरीदकर लाने का भी आरोप

छात्रों ने यह भी बताया कि कक्षा का ताला गायब होने की बात कहकर सभी से लिंक कंपनी का नया ताला खरीदकर लाने को कहा गया। वहीं, छात्रों और उनके अभिभावकों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static