"झारखंड में राजद को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता", Ranchi में तेजस्वी यादव बोले- हेमंत सोरेन के साथ मिलकर करेंगे काम

Sunday, Apr 05, 2026-03:40 PM (IST)

Jharkhand/Bihar News: झारखंड के रांची के कार्निवल हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर जोर दिया। कार्यक्रम में उनका पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाज से भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला।

"झारखंड में राजद को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता"
रांची में हुए इस कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड में राजद को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पार्टी यहां मजबूत स्थिति में है और आगे भी मजबूती से काम करेगी। उन्होंने बताया कि झारखंड में 7 में से 4 सीटें राजद ने जीती हैं। उनका कहना था कि अगर गठबंधन में पार्टी को और सीटें मिलतीं, तो जीत का आंकड़ा और बढ़ सकता था।

"यह लालू प्रसाद यादव की पार्टी है, इसे..."
बिहार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि 2020 में राजद को 1 करोड़ 70 लाख वोट मिले थे, जो 2025 में बढ़कर 1 करोड़ 90 लाख हो गए। उन्होंने कहा कि मशीन और पैसे की ताकत के बावजूद पार्टी का वोट बढ़ा है, जो उनकी लोकप्रियता दिखाता है। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि कुछ लोग पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह लालू प्रसाद यादव की पार्टी है और इसे कमजोर करना आसान नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में जाने से भी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ा।

"भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दल एकजुट हैं"
तेजस्वी ने आगे कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और आगे भी साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने हेमंत सोरेन का जिक्र करते हुए कहा कि वे उन्हें सम्मान देते हैं और साथ मिलकर काम करने में विश्वास रखते हैं। इस कार्यक्रम को लेकर रांची शहर में जगह-जगह बैनर, पोस्टर और तोरणद्वार लगाए गए थे, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static