बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया, केक और पिज्जा में मिलाकर नशीला पदार्थ खिलाया...फिर दरिंदे ने छात्रा के साथ किया दुष्कर्म
Tuesday, Apr 14, 2026-12:18 PM (IST)
रांची : झारखंड के रांची से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामल सामने आया है, जिसने मानवता और समाजिक भरोसे को तार-तार कर दिया है। यहां एक हॉस्टल की छात्रा से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है।आरोप है कि पीड़िता की एक सहेली ने उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने फ्लैट पर बुलाया और वहां मौजूद युवक ने उसे केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी दानिश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 9 अप्रैल की रात उसकी सहेली ने उसे यह कहकर पार्टी में बुलाया था कि वहां कई अन्य लड़कियां भी होंगी। जब वह फ्लैट के पांचवें फ्लोर पर पहुंची, तो वहां पहले से तीन युवक मौजूद थे, जिसमें से एक दानिश नाम का शख्स था। रात करीब 8 बजे केक काटा गया। छात्रा का आरोप है कि केक खाने के बाद उसे अचानक सुस्ती और तेज भूख महसूस होने लगी। इसी दौरान दानिश ने उसे पिज्जा दिया, जिसे खाते ही उसकी स्थिति बिगड़ने लगी और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा।
तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता पास के एक कमरे में जाकर बैठ गई। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर दानिश कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की और अपनी खराब तबीयत का हवाला दिया, लेकिन आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की।
इधर घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने हॉस्टल लौट गई। डर से वह दो दिनों तक चुप रही, लेकिन 11 अप्रैल को उसकी हालत काफी गंभीर हो गई। इसके बाद वह अपने एक मुंहबोले भाई की मदद से लालपुर के निजी अस्पताल पहुंची। अस्पताल प्रबंधन ने संदिग्ध मामला देखते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद लालपुर पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को भेज दी।
बरियातू पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी दानिश के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक टीम आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सहेली और फ्लैट पर मौजूद अन्य दो युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस वारदात की गहनता से जांच कर रही है।

