Khesari Lal Yadav Net Worth: कितनी संपत्ति है भोजपुरी सुपरस्टार ​​खेसारी के पास? जानकर चौंक जाएंगे, हलफनामे में किया खुलासा

Saturday, Oct 18, 2025-11:13 AM (IST)

Khesari Lal Yadav Net Worth: बिहार के सारण जिले की छपरा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार भोजपुरी अभिनेता शत्रुघ्न यादव उर्फ ​​खेसारी लाल यादव के हलफनामे के अनुसार उनके पास 24.81 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति है। 

भोजपुरी सुपरस्टार ​​खेसारी की पत्नी भी करोड़पति

बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सबसे लोकप्रिय बोली भोजपुरी के सबसे प्रसिद्ध गायकों व अभिनेताओं में से एक यादव को राजद ने पार्टी में शामिल होने के एक दिन बाद इस सीट से उम्मीदवार बनाया। यादव की पत्नी चंदा भी बृहस्पतिवार को पटना में पार्टी में शामिल हुईं। शुक्रवार को चुनाव अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करते समय एक हलफनामे में यादव ने बताया कि उनके पास 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। यादव की पत्नी के पास 90.02 लाख रुपये की चल संपत्ति और 6.49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। पहली बार चुनाव लड़ रहे गायक ने कहा, "मेरा दिल हमेशा राजद के साथ रहा है।" छपरा में पहले चरण में छह नवंबर को मतदान होगा। 

100 फिल्मों में किया काम और 5,000 से अधिक गाए भोजपुरी गीत

हलफनामे के अनुसार, भोजपुरी अभिनेता के पास पांच लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास दो लाख रुपये नकदी है। यादव के पास कई बैंक खाते और 35 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं। हलफनामे के अनुसार, यादव की चल संपत्ति में तीन करोड़ रुपये की एक लग्जरी कार शामिल है। यादव ने लगभग 100 फिल्मों में काम किया है और 5,000 से अधिक भोजपुरी गीत गाए हैं।

कभी बेचा था लिट्टी चोखा तो कभी दूध

उन्होंने दावा किया कि उनके पिता मंगरू यादव शुरुआत में सुबह में एक रेहड़ी-पटरी वाले के रूप में और रात में एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। यादव का दावा है कि वह बचपन में मवेशी चराते और उनका दूध बेचते थे। उन्होंने कहा है कि बाद में, वह दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने अपने माता-पिता और पत्नी के साथ 'लिट्टी-चोखा' बेचना शुरू किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static