Bihar Elections: पूर्व केंद्रीय मंत्री RCP सिंह ने थामा जनसुराज का दामन, पार्टी ‘AASA’ का भी PK की पार्टी में किया विलय

Sunday, May 18, 2025-12:29 PM (IST)

Bihar Assembly Elections: पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह (RCP Singh) बिहार में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) की जनसुराज पार्टी में शामिल हुए। सिंह ने अपनी पार्टी 'आप सबकी आवाज' का जन सुराज में विलय करने की भी घोषणा की।

बता दें कि पूर्व नौकरशाह आरसीपी सिंह ने नवंबर 2024 में अपनी खुद की पार्टी बनाई थी। वह जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। सिंह ने यहां एक समारोह में कहा, "हम दोनों मिलकर बिहार को एक विकसित राज्य बनाने के लिए काम करेंगे।" गौरतलब हो कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहनगर नालंदा से संबंध रखने वाले सिंह उत्तर प्रदेश काडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थे और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर वह पहली बार 1999 में कुमार के संपर्क में आए थे। उस समय जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख कुमार रेल मंत्री थे। साल 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद कुमार ने सिंह के प्रशासनिक कौशल से प्रभावित होकर उन्हें अपने प्रमुख सचिव के रूप में बिहार आने के लिए राजी किया। सिंह 2010 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर कुमार की जद (यू) में शामिल हो गए। इसके बाद वह लगातार दो बार राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए। बाद में, उन्हें जद(यू) का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया।

हालांकि, 2021 में सिंह का केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होना कुमार को पसंद नहीं आया। सिंह ने जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया और एक साल बाद, उन्हें फिर से राज्यसभा सदस्य नहीं बनाया गया। बाद में, सिंह जद(यू) छोड़कर 2023 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static