Bihar Weather Update : चंपारण से किशनगंज तक ''येलो अलर्ट'', 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Wednesday, Mar 11, 2026-08:44 AM (IST)

Bihar Weather Update : मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले दो दिनों तक अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे और करीब 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मध्यम से तेज हवायें चलने की संभावना है।  मौसम विभाग ने आज और कल के लिए चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

इन 8 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज यानी बुधवार (11 मार्च, 2026)पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल,अररिया और किशनगंज में आंधी-तूफान और वज्रपात की संभावना जताई है। साथ ही इन इलाकों में बादलों के गरजने के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है।

तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना 

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक राज्य में दिन का अधिकतम तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद राज्य के कुछ जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है। 

पटना, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद और गया जी जिले के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में अधिकतम दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान लगाया गया है। वहीं मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रहने की उम्मीद है। 

बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान जमुई जिले के झाझा प्रखंड में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड और अररिया जिले के सीकटी प्रखंड में 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static