Weather Update: हो जाएं सावधान! इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, ठनका गिरने की चेतावनी; IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
Tuesday, Mar 10, 2026-09:01 AM (IST)
Bihar Weather Update : बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही पारा चढ़ने लगा था, लेकिन पिछले 24 घंटों में मौसम में हुए बदलाव ने गर्मी के तेवरों को नरम कर दिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों के डेरे और सर्द हवाओं के बीच मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और ठनका का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अररिया और किशनगंज जिलों के लिए विशेष 'येलो अलर्ट' जारी किया है। यहाँ गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, जमुई, मुंगेर और सुपौल जैसे 12 जिलों में मध्यम से हल्की बारिश हो सकती है। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर के इलाकों में बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
40 kmph की रफ्तार से चलेगी हवाएं
राजधानी पटना समेत कई शहरों में सोमवार से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालांकि अधिकतम तापमान अभी भी 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, लेकिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने उमस और तपिश से काफी राहत दी है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस अचानक आए बदलाव के पीछे 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर सक्रिय इस विक्षोभ के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) ने मिलकर बिहार के ऊपर एक ट्रफ लाइन बना दी है। इसी मौसमी तंत्र की वजह से मैदानी इलाकों में घने बादल बन रहे हैं।
लोगों को सावधान रहने की सलाह
मौसम खराब होने की स्थिति में जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। तेज हवा और गरज-चमक के कारण खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसानों को सलाह दी जा रही है कि कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें और बिजली चमकने पर खुले खेत या पेड़ों के नीचे न रहें। वज्रपात के समय कंक्रीट की छतों के नीचे शरण लें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग कम करें।
12 मार्च से मौसम फिर सामान्य
मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में यह बदला हुआ मौसम 11 मार्च की रात तक जारी रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवा का सिलसिला देखने को मिल सकता है। इसके बाद 12 मार्च से मौसम के फिर सामान्य होने की संभावना जताई गई है।

