नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया तो फिर... JDU कार्यकर्ताओं ने दी ये बड़ी चेतावनी

Thursday, Mar 05, 2026-09:06 AM (IST)

Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए संभवतः बृहस्पतिवार को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावना से जुड़ी खबर फैलते ही, जद(यू) के कुछ युवा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने कुमार और निशांत की प्रशंसा में नारे लगाए, लेकिन अपने नेता द्वारा सत्ता छोड़ने की संभावना पर असंतोष व्यक्त किया। 

जद(यू) के एक समर्थक ने कहा, ''नीतीश कुमार जनता के चहेते नेता हैं। अगर किसी साजिश के तहत उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर किया जाता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।'' इस बीच, भाजपा के सूत्रों ने कुमार के पद छोड़ने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चुप्पी साध रखी है। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि इस तरह का फैसला केवल दिल्ली स्थित उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जा सकता है। हालांकि, मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को ''मजबूत दावेदार'' बताया गया है।

जानें मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कया कहा?

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। चौधरी का यह बयान राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की समयसीमा समाप्त होने से ठीक एक दिन पहले आया है। संवाददाताओं ने जब जद(यू) नेता से पूछा कि क्या पिछले सप्ताह 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं, तो चौधरी ने कहा, ''इस पर बातचीत चल रही है। मुख्यमंत्री ही अंतिम निर्णय लेंगे।'' 

चौधरी ने यह भी दोहराया कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने वाले हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पार्टी प्रमुख कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की स्थिति में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। ये भी अटकलें लगाई गई हैं कि जद(यू) प्रमुख अपने बेटे के लिए उपमुख्यमंत्री पद के बदले सहयोगी भाजपा को सत्ता सौंप सकते हैं। भाजपा ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजे जाने की पुष्टि हो चुकी है। दूसरी ओर जद(यू) ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। 

माना जा रहा है कि पार्टी राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उच्च सदन में नहीं भेजेगी, जबकि 'भारत रत्न' कर्पूरी ठाकुर के पुत्र केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को दोबारा राज्यसभा भेजा जा सकता है। दिन में, कुमार और जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ विचार-विमर्श करने वाले चौधरी ने हालांकि इन अटकलों की पुष्टि नहीं की। जद(यू) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ''पार्टी में सभी निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिए जाते हैं। जैसे ही वह कोई निर्णय लेंगे, तो इसकी जानकारी सभी को दी जाएगी।'' 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static