आज JDU की सदस्यता लेंगे निशांत कुमार, चंपारण से शुरू करेंगे सियासी सफर
Sunday, Mar 08, 2026-11:21 AM (IST)
Bihar Politics : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार आज जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस कदम के साथ ही बिहार में भविष्य के नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है।
पिता की राह पर निशांत: चंपारण से हुंकार
निशांत कुमार अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत ऐतिहासिक धरती चंपारण से करेंगे। गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने भी अपने करियर की तमाम महत्वपूर्ण यात्राओं का आगाज़ यहीं से किया था। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के भीतर निशांत को बड़ी सांगठनिक जिम्मेदारी दी जा सकती है और चर्चा तो यहाँ तक है कि वे नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं।
नीतीश 10 मार्च से समृद्धि यात्रा पर
एक तरफ बेटे का राजतिलक हो रहा है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी 'समृद्धि यात्रा' पर निकल रहे हैं। यह यात्रा 10 मार्च से 13 मार्च तक चलेगी। 10 मार्च को सुपौल, 11 को किशनगंज-अररिया, 12 को कटिहार-पूर्णिया और 13 मार्च को मधेपुरा, सहरसा व खगड़िया का दौरा करेंगे।
बागडोगरा में शाह-सम्राट की मीटिंग
बिहार के मौजूदा सियासी उथल-पुथल के बीच डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। अमित शाह पश्चिम बंगाल जाने के क्रम में बागडोगरा एयरपोर्ट पर रुकेंगे, जहाँ सम्राट चौधरी उनसे मिलकर बिहार के नए मंत्रिमंडल और राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर अंतिम चर्चा करेंगे।

