बिहार की राजनीति में नया चेहरा, नीतीश कुमार के बेटे निशांत आज थामेंगे JDU का दामन
Saturday, Mar 07, 2026-10:47 AM (IST)
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के पुत्र निशांत कुमार (Nishant Kumar) शनिवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद जदयू ने घोषणा की कि निशांत कुमार 07 मार्च को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करेंगे।
यह निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर आयोजित पार्टी के विधायकों, विधान पार्षदों, सांसदों और मंत्रियों की बैठक में लिया गया। इस दौरान सभी नेताओं ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर अपनी निराशा और पीड़ा व्यक्त की। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के फैसले पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए नीतीश कुमार के इस फैसले को स्वीकार करना कठिन है, और बिहार की जनता की भी यही भावना है।
यह भी पढ़ें- मां बनी 'आंखें', पिता का मिला अटूट साथ...किसान के नेत्रहीन बेटे ने UPSC में गाड़ा झंडा, हासिल की 20वीं रैंक
जदयू प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जोरदार मांग की कि वे निशांत को जदयू में शामिल होने की अनुमति दें, जिससे वह अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कर सकें।

