"पिछले 17 सालों से BJP-JDU बिहार की जनता को कर रही गुमराह", जन विश्वास रैली में बोले तेजस्वी यादव

3/3/2024 5:14:54 PM

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): बिहार की राजधानी पटना में महागठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने भाजपा (BJP) और जदयू (JDU) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 17 सालों से ये दोनों पार्टियां बिहार की जनता को गुमराह कर रही हैं। रोजगार, विकास और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर इन दोनों पार्टियों ने बिहार की जनता को सिर्फ झूठे वादे ही किए हैं।  

"आरजेडी का शासनकाल बिहार के इतिहास में रहा सबसे विकासशील"
तेजस्वी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल आरजेडी पर जो आरोप लगाए, वे सभी बेबुनियाद और भ्रामक हैं। आरजेडी का शासनकाल बिहार के इतिहास में सबसे विकासशील रहा है। लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में ही बिहार में सड़कें बनीं, बिजली आई और कानून-व्यवस्था सही रही। तेजस्वी यादव ने '17 साल बनाम 17 महीने' का नारा देते हुए कहा कि 2024 के चुनाव में जदयू का सफाया हो जाएगा और आरजेडी फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि हम लोग बिहार के विकास और उन्नति के लिए कटिबद्ध हैं और 2024 में जनता का विश्वास फिर से जीतेंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये वही गांधी मैदान है, जहां से हमने 2 लाख नौकरियां बांटी। आज सरकार अपने नाम पर पोस्टर लगवा रही है। नीतीश कुमार बुजुर्ग हो गए हैं, वो कहते थे कि इतनी नौकरियों के लिए पैसा कहां से आएगा। हमारी सरकार बनी तो हमने 5 लाख नौकरियां दी।

"गोबर को गाजर का हलवा बताकर भाजपा के लोग परोस देते हैं"
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब राजद को कोई MY की पार्टी कहता है तो मैं कहता हूं ये BAAP की पार्टी है। तेजस्वी ने RJD का मतलब समझाते हुए कहा- R से राइट्स, J से जॉब्स, D से डेवलपमेंट। आगे उन्होंने कहा कि मेरे पिता भाजपा के आगे कभी नहीं झुके और ना झुकेंगे। आप लोग मजबूत इरादे के साथ यहां आए हैं। आज इतनी बड़ी संख्या में आप लोग आए हैं कि पुरानी सभी रैलियों का रिकॉर्ड टूट गया है। इसके आगे तेजस्वी यादव ने कहा कि गोबर को गाजर का हलवा बताकर भाजपा के लोग परोस देते हैं। कल मोदी जी बोले मैं अपने पिता का नाम और काम क्यों नहीं गिनाता। मोदी जी जरा आज कान खोल के सुनिए। लालू जी ने ऐतिहासिक काम किया। 90 हज़ार करोड़ का मुनाफा UPA -1 में हुआ था। रेलवे को आज तक मुनाफा नहीं हुआ था, लालू जी ने दिलवाया। 10 साल में कितना मुनाफा हुआ ये बताइए।इसके साथ ही तेजस्वी ने कहा कि हमलोग डरेंगे नहीं, न ही झुकेंगे। जनता की लड़ाई में जनता के लिए लड़ेंगे।

"2024 में खत्म हो जाएगी जदयू"
तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी वाशिंग मशीन के साथ दुष्ट मशीन भी हो गई है। सभी पार्टियों का कूड़ा वहां जाता है। बीजेपी वालों ने दो-दो डिप्टी सीएम बनाया है। एक साउंड माउंट है तो दूसरा लाउड माउन्ट हैं। बड़बोले हैं। पिछले 14 साल से चुनाव नहीं लड़े हैं। लड़े हैं तो राजद से जीते हैं। सम्राट चौधरी 5-5 साल में पार्टी बदलते हैं। उन्होंने कहा कि एक गाना आपने सुना होगा। 'इधर चला मैं उधर चला जाने कहां मैं किधर चला मैं फिसल गया'। तेजस्वी ने कहा कि अरे चाचा जी आपको बुजुर्ग हैं। आपको यही से हाथ जोड़कर प्रणाम, लेकिन एक बात तय है 2024 में जदयू खत्म हो जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static