डैम में मछली पकड़ रहे थे युवक, अचानक जाल में फंसी प्लास्टिक की बोरी...खोलते ही दौड़ी चली आई पुलिस
Thursday, Feb 13, 2025-04:17 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_16_15_371221129dam.jpg)
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग में उस वक्त सनसनी फैल गई जब डैम में मछली पकड़ने पहुंचे युवकों के हाथ में मछली के बजाय एक बोरी हाथ लगी। बोरी में जो था उसे देखकर सभी युवक हक्के-बक्के रह गए।
प्लास्टिक के बोरे में कंकाल के टुकड़े बरामद
मामला जिले के ईचाक थाना क्षेत्र के लोटवा डैम का है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक मछली पकड़ने गए थे, लेकिन उनके कांटे में मछली नहीं बल्कि सफेद रंग का प्लास्टिक का बोरा आया। बोरे में पत्थर के साथ कुछ और भी चीजें थीं जिसे देखकर युवक घबरा गए और इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि प्लास्टिक के बोरे में मानव खोपड़ी, पैर की हड्डियां और अन्य कंकाल के टुकड़े हैं। कंकाल के साथ मांस भी बोरे में है। इसके अलावा बोरे में पत्थर हैं। वहीं, पुलिस ने बोरे को अपने कब्जे में ले लिया।
कंकाल लगभग 2-3 महीने पुराना है
आशंका जताई जा रही है कि शव को पानी में डुबो दिया गया था। शव ऊपर ना आए, इसके लिए पत्थरों को बोरे में भर दिया गया था। वहीं, पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ईचाक थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टि से यह कंकाल लगभग 2-3 महीने पुराना लगता है।