झारखंड में ‘लव जिहाद', ‘घुसपैठ जिहाद' में शामिल ताकतों को संरक्षण दे रहा JMM नीत गठबंधन: नड्डा

5/30/2024 8:46:40 AM

 

देवघरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह राज्य में ‘लव जिहाद', ‘भूमि जिहाद' और ‘घुसपैठ जिहाद' में शामिल ताकतों को संरक्षण दे रहा है।

जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ सरकार द्वारा समर्थित ताकतें आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार कर रही हैं और उनकी जमीन हड़प रही हैं। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दावा किया था कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन घुसपैठ का समर्थन कर रहा है और झारखंड पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। भाजपा प्रमुख नड्डा ने देवघर में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘जल, जंगल, जमीन जैसे मुद्दों पर सत्ता में आई सरकार 'भूमि जिहाद और लव जिहाद' में सक्रिय ताकतों को संरक्षण देने में शामिल हो गई है। वे (ऐसी ताकतें) आदिवासी लड़कियों को निशाना बना रही हैं...यह (सरकार) घुसपैठियों के 'जिहाद' को बढ़ावा दे रही है। रेत और ज़मीन की लूट अपने चरम पर है। क्या आप चाहते हैं कि ऐसी सरकार चलती रहे।'' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी जैसे नेता आदिवासी आरक्षण छीनकर मुस्लिम तुष्टीकरण में लिप्त हैं। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी संविधान की प्रति अपने पास रखते हैं, लेकिन उसे कभी पढ़ते नहीं हैं।"

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए कि आंध्र प्रदेश में चार बार आदिवासी/दलित आरक्षण छीनकर मुसलमानों को क्यों दिया गया... मुझे जवाब चाहिए कि आपने कर्नाटक में दो बार ओबीसी आरक्षण छीनकर मुसलमानों को क्यों दिया... यह असंवैधानिक है।'' उन्होंने कहा कि जनता का पैसा लूटने वाले भ्रष्ट झामुमो-कांग्रेस नेताओं को जेल भेजा जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पी. चिदंबरम, (अरविंद) केजरीवाल, लालू प्रसाद, तृणमूल नेता, द्रमुक नेता जमानत पर हैं। हेमंत (सोरेन), (मनीष) सिसोदिया, सत्येंद्र जैन जेल में हैं।'' नड्डा ने पूछा कि क्या लोग ऐसे भ्रष्ट नेताओं को वोट देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्षों में विकास की अनेक पहल शुरू की है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘दुनिया का 40 प्रतिशत डिजिटल लेन-देन अब भारत में होता है।'' उन्होंने कहा कि दुनिया में देश की अर्थव्यवस्था पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।

नड्डा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह मोदी की विभिन्न पहल के कारण संभव हुआ कि भारत ने इस्पात और औषधि क्षेत्र में विश्व स्तर पर दूसरा स्थान तथा ऑटोमोबाइल क्षेत्र में विश्व में तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि लगभग 97 प्रतिशत मोबाइल सेट अब भारत में निर्मित किए जा रहे हैं। नड्डा दुमका से भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन, राजमहल से उम्मीदवार ताला मरांडी और गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे के लिए प्रचार कर रहे थे। इन निर्वाचन क्षेत्रों में एक जून को मतदान होगा। बाद में, नड्डा ने देवघर में एक रोड शो में भाग लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static