JMM-कांग्रेस ने झारखंड को बना दिया लूट खंड, बाबूलाल मरांडी का हमला

5/29/2024 10:47:43 AM

 

दुमकाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उनकी पार्टी ने आदिवासी और मूलवासियों की जनाकांक्षाओं को जमीन पर उतारने के उद्देश्य से अलग झारखंड राज्य का निर्माण किया लेकिन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति पार्टी (झामुमो) ने खनिज संपदा सम्पन्न इस राज्य को लूट खंड बना दिया है।

बाबूलाल मरांडी मंगलवार को दुमका में भाजपा की ओर से दुमका से पार्टी प्रत्याशी सीता सोरेन, गोड्डा प्रत्याशी निशिकांत दूबे और राजमहल क्षेत्र के प्रत्याशी ताला मरांडी के पक्ष में आयोजित महा विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि कांग्रेस-झामुमो के साथ मिलकर देश में लगातार 55 वर्षों तक शासन करती रही लेकिन अलग झारखंड राज्य का निर्माण नहीं किया। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने यहां के लोगों के चिरप्रतिक्षित अलग झारखंड राज्य निर्माण के सपनों को साकार किया। पिछले 55 वर्षों के कांग्रेस के शासन में इस राज्य के लोगों न तो सड़क नसीब था और न ही बिजली। पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से इस राज्य के लोग वंचित थे। विकास की रोशनी से यह इलाका कोसों दूर था। कांग्रेस और झामुमो विकास विरोधी रहे हैं। दोनों दलों ने इस राज्य का विकास करने के बदले इसे लूट खंड बना दिया।

मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो-कांग्रेस और राजद ने मिलकर साढ़े चार साल में खनिज संपदा से सम्पन्न इस राज्य को बालू, पहाड़ और जमीन को लूट लिया। उन्होंने झारखंड को लूट से बचाने के लिए भाजपा को वोट देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो और कांग्रेस आदिवासियों के हितों की रक्षा करने का दावा कर लोगों को दिग्भ्रमित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दस साल के कार्यकाल में आदिवासी, दलितों के कल्याण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने आदिवासी समाज की बेटी द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के पद पर आसीन कर आदिवासी समाज के मान सम्मान को बढ़ाया है।

सभा में दुमका से भाजपा प्रत्याशी और शिबू सोरेन की बड़ी पुत्रवधु सीता सोरेन ने इंडिया गठबंधन में शामिल झामुमो, कांग्रेस और राजद नीत राज्य की महागठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की झामुमो नीत सरकार आदिवासियों का हितैषी होने का ढोंग कर आमलोगों को गुमराह कर रही है। राज्य सरकार ने अभी तक राज्य के आदिवासियों और मूलवासियों के कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया है बल्कि राज्य को भ्रष्टाचार के दलदल में ढकेल दिया है। सभा में राजमहल के भाजपा प्रत्याशी ताला मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक देश को पूर्ण समृद्ध बनाने तथा गरीब आदिवासी दलितों के समग्र विकास का संकल्प लिया है। उन्होंने झामुमो को चुनौती देते हुए कहा कि झामुमो के लोग एक भी काम दिखाएं, जो उसने आदिवासियों के लिए किया हो। उन्होंने कहा कि झामुमो के लोग सदैव आदिवासी समाज को बरगलाने का कार्य करते रहे हैं।

गोड्डा के सांसद और भाजपा प्रत्याशी डॉ. निशिकांत दूबे ने कहा कि संताल परगना में बंगाल देशी घुसपैठियों का प्रभाव बढ़ने से इस क्षेत्र की स्थिति भयावह है। बंगालदेशी घुसपैठियों का प्रभाव बढ़ने से संताल परगना की स्थिति भयावह हो गई है। इससे आदिवासी और मूलवासी के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। संताल परगना के पाकुड़ के रास्ते बंगाल देशी घुसपैठियों को संताल परगना में बसाया जा रहा है। इस वजह से इस क्षेत्र में आदिवासी समाज की आबादी लगभग 11 प्रतिशत घट गई है। इस इलाके में आदिवासी और मूलवासियों की आबादी में कमी आने के कारण परिसीमन का कार्य सम्भव नहीं हो पाया है। उन्होंने झामुमो और कांग्रेस द्वारा इस क्षेत्र में बंगाला देशी घुसपैठ करवाने तथा लव जेहाद पर अंकुश लगाने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि इससे कांग्रेस और झामुमो के वोट बैंक की राजनीति को समाप्त किया जा सकेगा। इस जनसभा को पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व मंत्री डॉ. लोईस मरांडी ने भी संबोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static