हूल दिवस: अमर बाउरी ने सिदो कान्हू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, हूल क्रांति के नायकों को किया याद

6/30/2024 6:22:18 PM

रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने हूल दिवस के अवसर पर रांची के सिदो कान्हू पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हूल दिवस पर सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अमर बाउरी ने हूल क्रांति के नायकों को याद किया।

इस दौरान अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आज के ही दिन सन 1855 में संथाल परगना से हूल क्रांति का आगाज किया गया था। यह वह समय था जब संथाल परगना से निकली चिंगारी पूरे देश भर में फैली। इसके बाद 1857 में आजादी के लिए पहली क्रांति की गयी। अमर बाउरी ने चंपई सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस क्रांति में लगभग 500 से अधिक आदिवासियों ने अपनी जान दी, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार जो सिदो कान्हू के नाम पर जनता के बीच जा रही है, उनके वंशज की अस्मिता को खत्म करने की राजनीति कर रही है। इस तरह से भोग नाडी में डेमोग्राफी बदल रहा है। इससे लगता है कि आदिवासियों के बेटी, रोटी और माटी को समाप्त करने का षड्यंत्र किया जा रहा है।

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी इन प्रमुख मुद्दों को जनता के बीच ले जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में गठबंधन की सरकार, जिसकी अगुवाई जेएमएम कर रहा है, उसकी असलियत को जनता के बीच ले जाना है। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि गठबंधन सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। इसे हराकर जनता का भला हो सकता है। वहीं, बता दें कि अलग-अलग आदिवासी और अन्य सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों के नेताओं ने पार्क में स्थित सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हूल आंदोलन के वीर नायकों को याद किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा की जिला कमेटी, आजसू पार्टी, प्रदेश कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं-नेताओं ने शहीद सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और हूल जोहार के नारे लगाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static