गोपीनाथपुर कांड पर अमर कुमार बाउरी की CM चंपई को चेतावनी- हम पाकुड़ को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश नहीं बनने देंगे

Saturday, Jun 22, 2024-01:01 PM (IST)

पाकुड़: भाजपा विधायक दल के नेता अमर कुमार बाउरी ने चंपई सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हम पाकुड़ को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश नहीं बनने देंगे।उन्होंने कहा कि गोपीनाथपुर में इतनी बड़ी घटना घट जाती है और राज्य के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन मुंह में दही जमाए बैठे हैं। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की सीमा पर बसे झारखंड के गांव गोपीनाथपुर में जिस तरह की घटना घटी इसे देखकर नहीं लगता है कि यह दो राज्यों की सीमा पर है। ऐसा लग रहा है जैसे हम बांग्लादेश या किसी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हैं।

अमर बाउरी ने कहा कि गोवंश झारखंड में प्रतिबंधित है। इसके मांस को प्रतिबंध की सूची में रखा गया है। जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी यह स्पष्ट करें कि वे गोवंश को प्रतिबंधित मानते हैं कि नहीं। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि जब ये प्रतिबंधित है, तो फिर किस तरह से गोवंश जिसे माता के रूप में माना जाता है, को हिंदू आबादी में सड़क किनारे खुले में काटा गया। बाउरी ने कहा खुले में गोवंश वध लोगों को ललकारने वाला और तालिबानी मानसिकता का प्रदर्शन करता है। जब इसका विरोध किया जाता है, तो बगल के नदी के उस पार रहने वाले हजारों लोग हमला कर देते हैं। लोगों के घरों को लूट कर जला देते हैं। प्रशासन पर हमला किया जाता है। वहीं, बाउरी ने पीड़ित परिवार को तुरंत मुआवजा की मांग की।

बता दें कि बकरीद पर पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे पाकुड़ जिले के गोपीनाथपुर गांव में क व्यक्ति ने सड़क के किनारे गोवंशीय पशु की कुर्बानी दी थी। इसका कई लोगों ने विरोध किया तो दो समुदायों के लोगों के बीच मारपीट हो गई। पड़ोस के राज्य पश्चिम बंगाल के कृष्टोनगर के ग्रामीण भी विवाद में उलझ गए थे और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ था। दोनों राज्यों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की थी। इसी विवाद को लेकर मंगलवार को दूसरी बार गोपीनाथपुर गांव पर कई बम फेंके गए और फायरिंग की गई। हमले से घबराए गोपीनाथपुर के ग्रामीण घरों को छोड़कर भाग गए। इसमें कई व्यक्तियों के घायल होने के साथ-साथ कृष्णनगर के 14 वर्षीय किशोर की मौत भी हो गयी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static