हनुमान मंदिर में पूजा करने गए थे पिता, पीछे से बेटे-बहू ने कर दिया बड़ा कांड; जांच में जुटी पुलिस

Friday, Feb 13, 2026-12:47 PM (IST)

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू पर घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर फरार होने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर थाना में लिखित शिकायत दी गई है।

जब पिता घर लौटे तो कमरे का ताला टूटा मिला
जिले के फुसबंगला निवासी जितेंद्र प्रसाद ने जोरापोखर थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पुत्र सूरज कुमार और बहू खुशी कुमारी ने घर से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी चोरी कर ली है। जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि उनकी ‘कनक ज्वेलर्स’ नाम की दुकान है। करीब छह महीने पहले उनके बेटे सूरज कुमार ने बिहारशरीफ की रहने वाली खुशी कुमारी से अपनी मर्जी से शादी की थी। चार दिन पहले दोनों फुसबंगला स्थित उनके घर रहने आए थे। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन वह डिगवाडीह के पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा करने गए थे। करीब तीन घंटे बाद जब वह घर लौटे तो उन्हें कमरे का ताला टूटा मिला।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही
आरोप है कि इस दौरान सूरज और उसकी पत्नी ने अलमारी से सोने के जेवर, दुकान के ग्राहकों के गहने और 1 लाख 8 हजार रुपये नकद निकाल लिए और वहां से फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद जब जितेंद्र प्रसाद ने बेटे को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। उन्होंने इस मामले में अपनी बहू के माता-पिता पुतुल देवी और विकास साव के साथ गोलू कुमार पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। फिलहाल जोरापोखर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static