बेटे ने की बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या, फिर घर में ही बना दिया शमशान घाट...कातिल की तलाश में जुटी पुलिस
Wednesday, Mar 25, 2026-01:16 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के कमरोड़ा गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की हत्या कर दी और शव को घर के आंगन में जला दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में डर और सनसनी फैला दी है।
बेटे ने आंगन में ही जलाई लाश
पुलिस के अनुसार, आरोपी नामजन बरजो ने सोमवार को अपनी मां मैरी बरजो को पहले लाठी-डंडों से पीटा और फिर लोहे के दाऊली से मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने घर के पीछे लकड़ियां जमा कर शव को आग लगा दी, ताकि अपराध के सबूत मिट जाएं। घटना के समय गांव के ज्यादातर लोग रनिया बाजार गए हुए थे। आरोपी की भाभी ने शोर मचाया, लेकिन तब तक मदद नहीं पहुंच पाई।
आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस का अनुमान है कि वह खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र की ओर भागा होगा। झारखंड पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। जांच में पता चला है कि आरोपी ने 8-10 साल पहले अपने पिता की हत्या भी की थी। उस समय उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसे रांची के मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही
पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए अवशेष जब्त कर फॉरेंसिक लैब में डीएनए जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।

