CM हेमंत ने चंपई सोरन के पोते के निधन पर जताया दुख, कहा- इस दुखद घड़ी में हम उनके साथ हैं

Wednesday, Feb 25, 2026-03:34 PM (IST)

Jharkhand News: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मनाली के सिमसा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

"इस दुखद घड़ी में हम उनके साथ हैं"
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीर सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति की कामना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "आदरणीय श्री चंपई सोरेन जी के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में आकस्मिक निधन का अत्यंत मर्माहत करने वाला समाचार मिला। मरांग बुरु दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। इस दुखद घड़ी में हम उनके साथ हैं।"

जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने दो दोस्तों के साथ 22 फरवरी को मनाली घूमने आए थे और सिमसा के होम स्टे में रुके थे। 23 फरवरी को सभी ने सोलंग घाटी और सेथन गांव घूमकर दिन बिताया। 24 फरवरी को वीर ने दोस्तों के साथ बाहर जाने से मना किया और कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। दोपहर में जब दोस्तों ने उसे बिस्तर पर देखा तो वह सिर दर्द की शिकायत कर रहा था। दोस्तों ने उसे दवा दी और वह सो गया। करीब 2 बजे कमरे से जोरदार गिरने की आवाज आई। कमरे में जाकर दोस्तों ने देखा कि वीर बिस्तर से गिरा हुआ है। वे उसे तुरंत उठाकर अस्पताल ले गए। रास्ते में वीर के मुंह से झाग निकलने लगा। मनाली सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर कर हर संभव प्रयास किया, लेकिन वीर को बचाया नहीं जा सका और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और दोस्तों, होम स्टे कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static