30 सितंबर को ईस्ट जोन चैंपियनशिप का फाइनल, ओडिशा और झारखंड के बीच होगी खिताबी भिड़ंत
Friday, Sep 29, 2023-07:56 PM (IST)

रांची: पहली हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष और महिला ईस्ट जोन चैंपियनशिप 2023 का फाइनल शनिवार को ओडिशा और झारखंड के बीच खेला जायेगा। सब जूनियर महिला वर्ग में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने 13 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, उसके बाद हॉकी झारखंड 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
कल सुबह 10 बजे दोनो टीमें खिताबी मुकाबले के लिए आमने- सामने होंगी। मणिपुर हॉकी और हॉकी बिहार ने क्रमश: 10 और 6 अंकों के साथ तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया। सब जूनियर पुरुष वर्ग में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा 15 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर रहा जबकि हॉकी झारखंड 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। अब दोनों टीमें शनिवार को 11:45 बजे फाइनल में आमने-सामने होंगी। मणिपुर हॉकी और हॉकी बिहार क्रमश: 9 और 6 अंकों के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। दिन का पहला मैच सब जूनियर महिला वर्ग के पूल ए में मणिपुर हॉकी और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के बीच 3-3 से ड्रा पर समाप्त हुआ जबकि दूसरे मैच में सब जूनियर महिला वर्ग के पूल ए में हॉकी बिहार ने असम हॉकी को 11-0 से हराया।
सब जूनियर पुरुष वर्ग के पूल ए में दिन के तीसरे मैच में हॉकी झारखंड ने हॉकी बंगाल को 12-0 से हराया। चौथे मैच में सब जूनियर पुरुष वर्ग के पूल ए में हॉकी बिहार ने असम हॉकी को 3-0 से हराया। दिन के आखिरी मैच में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने सब जूनियर पुरुष वर्ग के पूल ए में हॉकी झारखंड को 5-1 से हराया।