Dhanbad News: धनबाद के व्यवसायी ने की आत्महत्या, खाना खाने के बाद मौत को लगाया गले; बैंक वालों की वजह से उठाया ये कदम

Monday, Feb 02, 2026-05:19 PM (IST)

Dhanbad News: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रिनिटी गार्डन अपार्टमेंट में रहने वाले 57 वर्षीय व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के ट्रिनिटी गार्डन अपार्टमेंट (ब्लॉक-ए, डी-3) में रहने वाले फाल्गुनी मुखर्जी हीरापुर पार्क मार्केट, विवेकानंद चौक के पास बैग की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर लौटे थे। खाना खाने के बाद वे अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह करीब 9.30 बजे तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद चाबी से दरवाजा खोला गया, जहां फाल्गुनी मुखर्जी पंखे से रस्सी के सहारे लटके मिले। परिजनों ने पुलिस को बताया कि फाल्गुनी मुखर्जी कर्ज के बोझ में थे। बैंक की ओर से नोटिस और लगातार फोन आने से वे मानसिक तनाव में चल रहे थे। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसको लेकर दोनों ने बरवाअड्डा थाना में एक-दूसरे के खिलाफ कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी। कुछ दिन पहले भी दोनों थाना पहुंचे थे।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है
मृतक की पत्नी धनबाद पब्लिक स्कूल, हीरक ब्रांच में शिक्षिका हैं। घटना के दौरान उन्होंने न तो शव को छुआ और न ही उसे देखने गईं। दंपती की एक बेटी है, जो फिलहाल बाहर पढ़ाई कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार और परिचित घर पहुंचे, लेकिन सभी सहमे हुए नजर आए और कोई खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं था। सूचना मिलने पर सर्किल इंस्पेक्टर सीमा कुमारी समेत बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एसएनएमएमसीएच, धनबाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से मृतक का मोबाइल फोन और रस्सी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static