एक गलती और फिर 3 मासूम बच्चों के सिर पर से उठ गया मां का साया, परिवार में मातम का माहौल

Thursday, Apr 09, 2026-04:47 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के गोड्डा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां एक साधारण ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

जिले के मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नैना देवी नाम की एक ग्रामीण महिला बंध्याकरण (ऑपरेशन) कराने गई थीं। यह फैसला उन्होंने अपने परिवार की भलाई के लिए लिया था, लेकिन यह उनके जीवन का आखिरी कदम साबित हुआ। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों से बड़ी गलती हो गई। उनका कहना है कि सर्जरी के समय शरीर की एक महत्वपूर्ण नस कट गई, जिससे नैना देवी की हालत लगातार बिगड़ती गई।

जब उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई, तो उन्हें पहले मेहरमा के एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया, लेकिन वहां भी कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देवघर स्थित एम्स रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। नैना देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। बच्चों को अभी यह भी समझ नहीं है कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। परिवार में मातम का माहौल है और हर कोई गहरे सदमे में है।

परिजनों का यह भी कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस अस्पताल में लापरवाही के मामले सामने आ चुके हैं और कुछ मरीज अब भी इलाज के लिए देवघर एम्स में भर्ती हैं। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि महिला का ऑपरेशन 24 फरवरी को हुआ था और 24 घंटे बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। उन्होंने इस घटना को दुखद बताया और कहा कि मामले की जांच के लिए एक टीम बना दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static