"पलामू सांसद बीडी राम को BJP ने नहीं बनाया राज्यमंत्री", JMM युवा मोर्चा ने कहा- भाजपा ने जनता को ठगने का किया काम

6/12/2024 5:25:11 PM

रांची: झामुमो युवा मोर्चा के नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। झामुमो युवा मोर्चा ने कहा, "लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेताओं ने घूम- घूम कर कहा था कि अगर बीडी राम तीसरी बार चुनाव जीतते हैं तो उन्हें मंत्री पद दिया जायेगा। पलामू की जनता को भी इसका इंतजार था"।

"भाजपा ने हमेशा की तरह पलामू की जनता को ठगा है"
झामुमो युवा मोर्चा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीडी राम को भाजपा ने राज्यमंत्री तक नहीं बनाया है। ये झारखंड से जीत कर गए दलित सांसद का अपमान है। झामुमो युवा मोर्चा ने कहा कि केंद्र में जब भी बीजेपी की सरकार बनी है, पलामू की जनता ने बीजेपी के सांसद को जिता कर दिल्ली भेजा है। 4 बार बीजेपी की सरकार बनने पर पलामू से भाजपा सांसद जीत कर दिल्ली गए हैं, परंतु कभी भी मंत्री नहीं बनाए गए। झामुमो युवा मोर्चा के नेता अभिषेक सिंह ने बीडी राम को मंत्री नहीं बनाए जाने पर रोष व्यक्त करते हुए कहा, "पूर्व मेयर और भाजपा के नेताओं ने दावा किया था कि पलामू की जनता भाजपा को वोट दे कर बीडी राम को अगर सांसद बनाती है तो वो सीधा मंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि पलामू की भोली-भाली जनता भाजपा के इस जुमले में आ गई और भाजपा को चुनाव भी जीता दिया, लेकिन भाजपा ने हमेशा की तरह पलामू की जनता को ठगा है।

"पलामू के पिछड़ेपन का कारण भाजपा ही है"
झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने कहा कि डबल इंजन, ट्रिपल इंजन की सरकार तक पलामू ने बनवाई है। आज भी यहां अधिकांश सीटों पर भाजपा के प्रतिनिधि ही हैं लेकिन, पलामू को इन्होंने विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है। पलामू को राजनीतिक राजधानी का गौरव प्रदान था जिसे इन्होंने धूमिल किया है। सचिव आशुतोष विनायक ने कहा "झारखंड से एक कैबिनेट मंत्री पलामू से दलित सांसद बीडी राम को बनाना चाहिए था। भाजपा पलामू को अपना गढ़ समझती है इसलिए पलामू की जनता और पलामू से जीते जनप्रतिनिधियों का सम्मान भाजपा द्वारा नहीं किया जाता है। इन लोग ने विकास का एक भी कार्य नहीं किया है। पलामू के पिछड़ेपन का कारण भाजपा ही है, जनता इसे अब बखूबी समझ रही है। भाजपा ने मंत्री पद का अफवाह उड़ा कर ये चुनाव जीते हैं।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static