Saraikela Road Accident: अनियंत्रित होकर पलटा हाइवा, घर के बाहर बैठे पिता और मासूम बेटी को पल भर में यूं खींच ले गई मौत
Sunday, Nov 23, 2025-06:16 PM (IST)
Saraikela Road Accident: झारखंड के सरायकेला में भीषण सड़क हादसा हो गया है जिसमें पिता और पुत्री की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पालोबेड़ा से सटे हाड़ीभांगा गांव का है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण सामग्री से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर के पास पलट गया। हादसे में घर के पास बैठे पिता और उनकी मासूम बेटी की दबकर मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान हाड़ीभांगा निवासी 30 वर्षीय बीरबल मुर्मू और उनकी ढाई साल की बेटी अनुश्री मुर्मू के रूप में हुई है। घटना में बीरबल मुर्मू की पत्नी घायल हुई जिसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद हाइवा चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। उनका स्पष्ट आरोप था कि कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रही थी, जिस कारण हादसा हुआ। वहीं, पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।

