हजारीबाग से बाबा बैद्यनाथ पैदल रवाना हुए 5 युवा, बोले- हम लोगों की पदयात्रा का उद्देश्य भारत को 'हिन्दू राष्ट्र' बनाना है
Friday, Jul 07, 2023-02:21 PM (IST)

Hazaribagh: सावन का महीना शुरु हो चुका है। इस पावन महीने में देवघर के बाबा बैद्यनाथ में अपनी मनोकामनाओं को लेकर कष्ट सहते हुए कांवरिया लगातार विभिन्न स्वरूप में पहुंच रहे हैं। कुछ कांवरिया कांवर लेकर तो कुछ दंड देते हुए नजर आ रहे हैं। यहां तक कि 75 से 95 साल के बुजुर्ग भी बाबा दरबार में पहुंचते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, हिंदू राष्ट्र बनाने की कामना को लेकर हजारीबाग के 5 युवाओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ के लिए पैदल रवाना हुआ है।
देवघर तक 360 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे युवा
दरअसल, ये 5 युवा भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कामना लेकर सुल्तानगंज होते हुए देवघर तक 360 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। इसे पूरा करने में 10 से 12 दिन का समय लगेगा। ये लोग रोजाना लगभग 30 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। वहीं, शहर के लोग गाजे-बाजे के साथ इन युवाओं को शहर के बाहर छोड़ने के लिए आए। इस दौरान सभी युवा बम भोले के जयकारा लगा-लगाकर झूमते नजर आए।
"हम लोगों की पदयात्रा का उद्देश्य भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाना है"
इनमें से यात्रा करने वाले अनूप यादव का कहना है कि हम लोग यहां से बगोदर, टाटीझरिया, गिरिडीह होते हुए पहले सुलतानगंज जाएंगे। वहां से गंगाजल भरकर देवघर के लिए रवाना होंगे। 17 से 18 जुलाई तक बाबा बैद्यनाथ के दर्शन का लक्ष्य है। यह यात्रा लगभग 360 किमी की होगी, जिसे हम लोग 10 से 12 दिनों में पूरी करेंगे। वहीं, अभिजीत दुबे का कहना है कि हम लोगों की पदयात्रा का उद्देश्य भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाना है। इसलिए हजारीबाग से सुल्तानगंज और फिर देवघर पैदल यात्रा करेंगे। बाबा भोले नाथ से भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कामना करेंगे।