ASI आत्महत्या मामले में आया नया मोड़ः पत्नी ने थानेदार पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप, बोली- मेरे पति की हत्या हुई
Monday, Aug 08, 2022-05:38 PM (IST)

खगड़ियाः बिहार के खगड़िया जिले के नगर थाने के एएसआई सुरेंद्र यादव ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली आत्महत्या कर ली थी। वहीं अब इस मामले में मृत एएसआई के पत्नी ने नगर थानेदार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मेरे पति की हत्या हुई है।
मृतक के परिजनों ने बताया शनिवार रात उनके भाई ने खगड़िया में यूरिया की उपलब्धता के बारे में सुरेंद्र यादव से फोन पर बात की। वहीं इसके 18 घंटे बाद सुरेंद्र यादव की मौत की खबर आ गई। परिजनों का कहना है कि सुरेंद्र को किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी। नगर थानेदार विनोद कुमार सिंह सुरेंद्र को बार-बार टॉर्चर किया करता था और उन्हें छुट्टी नहीं देता था।
वहीं थानेदार विनोद कुमार सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि मुझ पर लगाए सारे आरोप झुठे है। एएसआई सुरेंद्र यादव एक सप्ताह पहले ही छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। उन पर काम का किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था। उधर, वहीं परिजनों ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। परिजन ने अधिकारी से यह भी मांग की कि मृतक ASI के पुत्र को नौकरी दी जाए और सहायता राशि दी जाए।
बता दें कि भागलपुर से आई फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच की है। हालांकि, टीम ने अभी कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसके बाद शव को पुलिस लाइन लाकर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।