डबल मर्डर से दहला बिहार, देर रात पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट

Friday, Mar 13, 2026-01:24 PM (IST)

Bihar Crime News : बिहार के बांका में अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से गांव में मातम और दहशत का माहौल व्याप्त है। 

गोहाल में सो रहे थे पति-पत्नी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात गुरुवार रात बांका थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर गांव में हुई। मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी कैलाश यादव और उनकी पत्नी सामरी देवी के रूप में की गई है। कैलाश यादव और उनकी पत्नी रोज की तरह अपने घर के समीप स्थित गोहाल में सो रहे थे। देर रात अज्ञात अपराधियों ने वहां पहुंचकर सोते हुए दंपति पर हमला कर दिया और धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देकर अपराधी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

सुबह खून से लथपथ मिले शव

घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह तब हुआ जब ग्रामीण गोहाल की तरफ गए। वहां का नजारा रूह कंपा देने वाला था; दोनों बुजुर्ग खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। शोर मचते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

जमीन विवाद की रंजिश!

बताया जा रहा है कि मृतक दंपति का गांव के ही कुछ दबंगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका कि इसी रंजिश के कारण इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। 

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static