शादी समारोह में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प, 1 की मौत, पांच घायल

6/28/2020 4:53:23 PM

छपराः बिहार में सारण जिले में शादी समारोह के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं पांच अन्य घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मामला सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दहियांवा टोला निवासी रविंद्र कुमार सिंह (52) के भांजे की बारात शनिवार की रात प्रभुनाथ नगर में आई हुई थी। इस बारात में प्रभुनाथ नगर निवासी केदार सिंह के पुत्र का कार से साईड लेने के दौरान विवाद हुआ, जिसमें केदार सिंह के पुत्र के साथ मारपीट की गई। केदार सिंह के पुत्र ने इस घटना की सूचना अपने परिजनों को दी।

सूचना मिलने पर केदार सिंह और शम्भू सिंह हथियार लेकर बारात में पहुंचे। जहां उन्होंने रविन्द्र कुमार सिंह और अभिषेक कुमार सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उन लोगों ने हथियार से प्रहार कर राकेश कुमार सिंह तथा सत्येन्द्र कुमार सिंह को भी घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया।

वहीं पीएमसीएच में इलाज के दौरान रविंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्ष की तरफ से मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ramanjot

Recommended News

Related News

static