JDU का हमला- तेजस्वी को अपनी क्षमता पर भरोसा नहीं, इसलिए जेड ग्रेड नेता लालू का लिया सहारा

10/29/2021 11:53:49 AM

पटनाः बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राज्य में विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव के प्रचार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव के जाने पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव राजनीतिक रूप से कायर पुत्र हैं, जिन्होंने चुनाव से पहले भ्रम जाल फैलाकर खुद ही हार स्वीकार कर ली है। 

"राजनीतिक रूप से कायर पुत्र हैं तेजस्वी" 
जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान परिषद के सदस्य नीरज कुमार, प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल, अरविंद निषाद एवं अभिषेक झा ने गुरुवार को कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजनीतिक रूप से कायर पुत्र हैं, जिन्होंने दो सीटों पर उपचुनाव होने से पहले ही भ्रम जाल फैलाकर खुद ही हार स्वीकार कर ली है। तेजस्वी यादव को अपनी क्षमता पर भरोसा नहीं है इसलिए उन्होंने जेड ग्रेड के नेता लालू प्रसाद यादव, जिनके नेतृत्व में वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव में 22 सीटों पर राजद सिमट गया था उनका सहारा लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में तेजस्वी यादव को पता होना चाहिए कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जहां से शिक्षा ग्रहण की है जैसे पटना साइंस कॉलेज और बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (वर्तमान में एनआईटी पटना) वैसी जगहों का मुंह आपके पुरखों ने भी नहीं देखा है। विपक्ष के नेता को यह भी ज्ञान नहीं है कि चुनाव आयोग चुनाव का प्रबंधन करता है। 

"उपचुनाव में RJD उम्मीदवारों की हार तय" 
जदयू नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने अपने कर्म और सुशासन की बदौलत बिहार की लगभग 13 करोड़ की आबादी का दिल जीता है और पिता-पुत्र की राजनीति को नवंबर 2005 से ही जमींदोज कर दी है। अपने सजायाफ्ता पिता के साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद धारा 420 के आरोपी हैं। शायद इसी वजह से उन्हें ये सब बातें समझ नहीं आती है। उन्होंने दावा किया उपचुनाव में दोनों सीटों पर राजद उम्मीदवारों की हार तय है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static