यदि तेजस्वी में नैतिकता हो तो नेता प्रतिपक्ष का पद स्वीकार करने से करें इनकारः सुशील मोदी

11/24/2020 10:43:23 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भ्रष्टाचार को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि रेलवे खान-पान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) घोटाले के आरोपी तेजस्वी यादव में यदि नैतिकता हो तो नेता प्रतिपक्ष का पद स्वीकार करने से इनकार करें।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप है। मेवालाल चौधरी का मामला सामने आने पर उन्होंने अविलम्ब मंत्री पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि आईआरसीटीसी घोटाले के आरोपी तेजस्वी में यदि नैतिकता हो तो नेता प्रतिपक्ष का पद स्वीकार करने से इनकार करें।

सुशील मोदी ने कहा कि तेजस्वी को लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया में विश्वास नहीं है, इसीलिए कम वोटों से हारने का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहे हैं जबकि हकीकत है कि 11 से ज्यादा सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों की हार दो हजार से कम जिनमें मटिहानी 333 वोट, डेहरी 464, कुढ़नी 712 और बखरी में 777 वोट से हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static