राहुल की ट्रैक्टर सवारी नौटंकी, बताएं यूपीए ने 10 साल में किसानों के लिए क्या किया: सुशील

7/27/2021 10:18:07 AM

 

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर की सवारी को नौटंकी करार देते हुए कहा कि वह बताएं कि कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने 10 साल में किसानों के लिए क्या किया था।

सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी या उनके परिवार ने कभी खेत में ट्रैक्टर नहीं चलाया और न किसानों की समस्या से उनका कोई वास्ता है लेकिन पंजाब में कांग्रेस के घर में लगी आग से ध्यान भटकाने के लिए वे ट्रैक्टर से संसद पहुंचने की नौटंकी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के विक्षुब्ध लोग साफ कह रहे हैं कि उनकी पार्टी ही किसान आंदोलन को हवा दे रही है। भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी बताएं कि यूपीए सरकार ने दस साल में किसानों के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसान आंदोलन के प्रतिनिधियों से 11 बार बातचीत की। उच्चतम न्यायालय ने भी विशेषज्ञों की समिति बना कर समाधान करने की पहल की लेकिन आंदोलनकारियों के अड़ियल और अहंकारी रवैये के कारण गतिरोध बना रहा।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि बजट की राशि दोगुना की, कृषि उपज के समर्थन मूल्य में उत्पादन लागत से डेढ़ गुना तक वृद्धि की और किसान सम्मान निधि से सालाना 6 हजार रुपए किसानों के खाते में डालने की शुरुआत की। सरकार ने हाल में गेहूं की रिकॉर्ड खरीद की और इसके लिए 80 हजार करोड़ रुपए किसानों को दिए। इसका सबसे ज्यादा फायदा पंजाब-हरियाणा के किसानों को हुआ। उन्होंने कहा कि असली अन्नदाता कृषि कानून और सरकार की नीतियों से संतुष्ट है, इसलिए किसान के नाम पर हुए आंदोलन और भारत बंद फ्लॉप होते रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static