सुशील मोदी के निधन को मुकेश सहनी ने बताया अपूरणीय क्षति, कहा- अंतिम क्षण में उनको BJP का साथ नहीं मिला

5/14/2024 5:20:20 PM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता सुशील मोदी के निधन पर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनका निधन अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से काफी आहत हूं।

मुकेश सहनी ने कहा कि सुशील मोदी जी से मेरा व्यक्तिगत संबंध था, वो हमेशा मेरा मार्गदर्शन करने का काम करते थे। उन्होंने कहा कि अंतिम क्षण में सुशील मोदी को भाजपा का साथ नहीं मिला। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। मोदी गले में कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहा था, वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो पुत्र हैं।

गौरतलब है कि 05 जनवरी 1952 को पटना में जन्में सुशील कुमार मोदी पिछले साढ़े तीन दशक से बिहार की राजनीति पर छाए रहे और विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा यानी चारों सदनों का प्रतिनिधित्व किया। वे करीब 13 वर्षों तक बिहार के उपमुख्यमंत्री भी रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static