चुनाव नहीं बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र को पूरी तरह से खत्म करने के लिए लड़ रही जंग: दीपंकर

4/4/2024 8:48:09 AM

 

पटनाः भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव नहीं बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र को पूरी तरह से खत्म करने के लिए जंग लड़ रही है।

भट्टाचार्य ने बुधवार को यहां गेट पब्लिक लाइब्रेरी में भाकपा-माले के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता कन्वेंशन को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार भाजपा चुनाव नहीं बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र को पूरी तरह से खत्म करने के लिए जंग लड़ रही है, तब हमें भी जंग ही लड़नी होगी और भाजपा-संघ ब्रिगेड के फासिस्ट मंसूबे को धूल चटाने के लिए इस जंग को जीतना ही होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सत्ता और जनता के बीच है।

माले महासचिव ने कहा कि वर्ष 2004 में किसी ने नहीं सोचा था कि भाजपा हार जाएगी। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में कोरोना काल की बिलकुल विपरीत परिस्थितियों में डबल इंजन की सरकार को लगभग सत्ता से बाहर कर दिया गया था इसलिए भाजपा का 400 पार का दावा बिल्कुल लफ्फाजी है। ये लोग अंदर से डरे हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2020 से गाड़ी आगे बढ़ानी है और मोदी सरकार को उखाड़ फेंकना है। इंडिया गठबंधन के तहत आरा, काराकाट, नालंदा और कोडरमा की सीटों पर हमें जीत का चौका लगाना है। भाजपा के इलेक्टोरल बॉन्ड से जमा अकूत संपत्ति के खिलाफ हम कूपन और जनबल से यह चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।

वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के अध्यक्ष धनंजय ने कहा कि फासिस्ट भाजपा के खिलाफ बिहार से जो संदेश निकल रहा है, उसे जेएनयूएसयू सहित पूरे देश में लेकर जा रहा हूं। फासीवादी ताकतों को धूल चटाने के लिए बिहार तैयार है। मोदी सरकार दलितों-वंचितों के खिलाफ लगातार साजिश कर रही है, शिक्षा और रोजगार से वंचित कर रही है। जेएनयू को लगातार कमजोर और बदनाम करने की साजिशों के बावजूद एक बार फिर जेएनयू के छात्रों ने लाल झंडे पर भरोसा किया है। हम सब मिलकर मोदी सरकार की तानाशाही को खत्म करेंगे। कन्वेंशन से सात सूत्री प्रस्ताव भी पारित किए गए।

कन्वेंशन को जेएनयूएसयू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धनंजय, काराकाट से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार राजाराम सिंह, आरा से सुदामा प्रसाद, नालंदा से संदीप सौरभ, अगिआंव (सु.) के प्रत्याशी शिवप्रकाश रंजन के अलावा विधायक सत्यदेव राम, अमरजीत कुशवाहा, इनौस नेता आफताब आलम, विधान पार्षद शशि यादव आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static