"नीतीश के दामन में कोई दाग नही", सीएम के राज्यसभा नामांकन के बाद बोले अमित शाह
Thursday, Mar 05, 2026-02:46 PM (IST)
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वर्ष 2005 से रिकॉर्ड 10 बार मुख्यमंत्री रहे कुमार और नवीन ने बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह के कक्ष में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर अमित शाह के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री भी मौजूद थे। वही नीतीश के राज्यसभा के लिए नामांकन भरने के बाद अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा। नीतीश के दामन पर कोई दाग नही है। वह अपने कार्यकाल में बिहार को बहुत आगे लेकर गए। अमित शाह ने आगे कहा कि नीतीश ने बिहार को जंगलराज से बाहर किया। अब वह राष्ट्रीय राजनीति में लौट रहे है।
नीतीश कुमार समेत NDA के पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिये किया नामांकन
जानकारी हो कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से पांच उम्मीदवारों ने गुरूवार को राज्यसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया। राजग की ओर से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मौजूदा राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य राजग उम्मीदवार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बिहार विधानसभा पहुंचे।ज़रूरी प्रकिया पूरी करने के बाद नीतीश कुमार और चार अन्य राजग उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो हैं। इनमें से दो-दो सीटें जदयू और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की हैं, जबकि एक रालोमो की है। केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश जदयू के मौजूदा सदस्य हैं, जबकि अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता राजद के हैं। रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एक और मौजूदा सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो जाएगा। इन पांच सदस्यों के कार्यकाल अगले माह समाप्त हो रहे हैं, इसके कारण इन सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो रहा है।

