TRE-4 में देरी पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले- लाखों युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़

Thursday, Apr 09, 2026-02:48 PM (IST)

Tejashwi Yadav News : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई)-4 में विलंब कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने मांग की कि शिक्षक भर्ती के लिए टीआरई-4 की रिक्तियां अविलंब निकाली जाएं। 

बयान जारी कर तेजस्वी यादव ने कहा कि 17 महीनों की महागठबंधन सरकार के दौरान उनकी पहल पर शिक्षा विभाग ने युद्ध स्तर पर टीआरई-1 तथा टीआरई-2 के तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर बिना किसी पेपर लीक के, पारदर्शी तरीके से 2.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया था। उन्होंने दावा किया कि टीआरई-3 की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई थी, लेकिन जनवरी 2024 में उनकी सरकार के हटने के बाद पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई और बाद में यह परीक्षा भी विलंब से आयोजित हुई। 

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कैलेंडर के अनुसार, यह परीक्षा अगस्त 2024 में हो जानी चाहिए थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे टाल दिया गया। बाद में अक्टूबर 2025 में परीक्षा कराने की बात कही गई, परंतु आचार संहिता लागू होने के कारण परीक्षा फिर स्थगित हो गई। उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न होने और सरकार बनने के बाद भी शिक्षक अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ रहा है। राजद नेता ने कहा कि उनके उपमुख्यमंत्री रहते हुए 17 महीनों में पांच लाख युवाओं को नौकरी दी गई और 3.5 लाख से अधिक नौकरियों की प्रक्रिया शुरू कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बार-बार परीक्षाएं टालकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, जिससे अभ्यर्थियों की आयु सीमा पार हो रही है और उनमें निराशा बढ़ रही है। यादव ने कहा कि टीआरई-4 की रिक्तियां लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है। उन्होंने राजग सरकार से अपील की कि इस प्रक्रिया को जल्द शुरू कर युवाओं की उम्मीदों को पूरा किया जाए। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static