बिहार मुख्यमंत्री नीतीश ने किया विधान परिषद् अतिथि निवास का उद्घाटन, कार्यक्रम में लगे 'निशांत जिंदाबाद' के नारे
Monday, Apr 06, 2026-02:46 PM (IST)
Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधायक आवासन योजना अंतर्गत विधान परिषद् अतिथि निवास का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कैंटीन एवं पुस्तकालय भवन तथा सामुदायिक केन्द्र का भी शुभारंभ किया। वहीं उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री के सामने ही जदयू कार्यकर्ताओं ने ‘निशांत कुमार जिंदाबाद’ के जोरदार नारे भी लगाए। उन्होंने नवनिर्मित विधान परिषद् अतिथि निवास का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रथम तल एवं छत पर भी गये और अतिथि निवास के विभिन्न भागों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विधान परिषद् अतिथि निवास बहुत अच्छा बना है। यहां की सुविधाओं का लाभ विधान परिषद् के सदस्यों को मिलेगा। गौरतलब है कि विधान परिषद के सदस्यों के लिए अतिथि आवास, सामुदायिक केंद्र, कैंटीन और पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। विधान परिषद् अतिथि निवास एक पांच मंजिला भवन है, जिसमें बेसमेंट, भू-तल एवं चार मंजिलों का निर्माण किया गया है। इस भवन में 30 सुईट रूम, चार लॉउन्ज, सेक्युरिटी लाउन्ज का निर्माण किया गया है। भवन में आठ व्यक्ति की क्षमतावाले लिफ्ट को अधिष्ठापित किया गया है। प्रत्येक सुईट रूम में एक छोटा किचेन, ड्राईंग रूम तथा विश्राम हेतु एक कमरा (शौचालय सहित) का निर्माण किया गया है। कैन्टीन एवं पुस्तकालय भवन एक दो मंजिला भवन है। जिसके एक भाग में कैन्टीन एवं दूसरे भाग में पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। कैन्टीन के भूतल एवं प्रथम तल पर कैन्टीन डायनिंग हॉल किचेन, रेस्ट रूम, पेन्ट्री, स्टोर, सर्विस ऐरिया, शौचालय का निर्माण किया गया है। पुस्तकालय के भूतल पर कार्यालय कक्ष, पुस्तकालय एवं शौचालय का निर्माण किया गया है। पुस्तकालय के प्रथम तल पर रिडिंग हॉल, लॉबी एवं स्टोर का निर्माण किया गया है। सामुदायिक केन्द्र एक दो मंजिला भवन है। इसके भूतल एवं प्रथम तल पर हॉल, स्टोर, किचेन, लॉबी, शौचालय का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम में दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, बिहार विधान परिषद् के उपसभापति प्रो. (डॉ0) रामवचन राय सहित विधान पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ.चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

