शरद यादव के निधन पर मुकेश सहनी ने जताया शोक, कहा- देश की राजनीति में ऐसी शून्यता आई, जिसे भर पाना आसान नहीं

Friday, Jan 13, 2023-05:38 PM (IST)

पटना: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव (Sharad Yadav) के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके निधन से देश की राजनीति (Politics) में ऐसी शून्यता आ गई है, जिसे भर पाना आसान नहीं है। उनका निधन दुखद है। 

मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ समाजवादी नेता अभिभावक स्वरूप शरद यादव जी का निधन की खबर सुनकर मर्माहत हूं। मैं खुशनसीब हूं कि शरद यादव जी के साथ मैंने काम किया और उनके सानिध्य में राजनीतिक तथा सामाजिक कार्यों में बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। समाजवादी नेताओं की पंक्ति में सबसे आगे खड़े रहने वाले शरद यादव का जन्म भले ही बिहार में नहीं हुआ हो, लेकिन उनका कर्मक्षेत्र बिहार रहा और जीवन के अंतिम समय तक बिहार के विकास के लिए सोचते रहे। 

यह भी पढ़ें- शरद यादव ने दशकों तक राजनीति में निभाई अहम भूमिका, लालू यादव को पहली बार CM बनाने में था बड़ा योगदान 

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख ने कहा कि शरद यादव के सभी लोगों को साथ लेकर चलने की क्षमता अन्य नेताओं से उन्हें अलग करता है। उनका निधन सामाजिक क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति है। पूर्व मंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

शरद यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे सहनी
वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में होगा। वहीं मुकेश सहनी भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। सहनी शुक्रवार को मध्य प्रदेश जाएंगे। वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी शनिवार को दिवंगत शरद यादव जी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सहनी शुक्रवार को शाम दिल्ली जाएंगे और शनिवार को मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव पहुंचेंगे। 

पैतृक गांव में होगा शरद यादव का अंतिम संस्कार
देव ज्योति ने बताया कि मिली सूचना के मुताबिक शरद यादव का अंतिम संस्कार शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार नर्मदापुरम (पहले होशंगाबाद) जिले की बाबई तहसील के उनके पैतृक गांव आंखमऊ में शनिवार को किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर विमान से दिल्ली से मध्यप्रदेश लाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static