जमुई में पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, 10 वर्षों से फरार नक्सली कमांडर को किया गिरफ्तार

Thursday, Jul 29, 2021-10:31 AM (IST)

जमुईः बिहार के जमुई जिले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, पुलिस ने जिले के बरहट थाना क्षेत्र के खिरिया जंगल में छापेमारी कर करीब एक दशक से फरार नक्सली सेक्शन कमांडर सपन मांझी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल ने नक्सली की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि खिरिया जंगल में कुछ नक्सली लेवी की राशि वसूलने पहुंचे हैं। जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुधांशु कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि विशेष टीम ने खिरिया जंगल में त्वरित छापेमारी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।

मंडल ने बताया कि गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान सपन मांझी उर्फ तालों संथाल उर्फ बोरेन के रूप में की गई है। गिरफ्तार सपन मांझी चरका पत्थर थाना क्षेत्र के चीलखार गांव का रहने वाला है। नक्सली के खिलाफ जमुई जिला के बरहट, सोनो तथा खैरा थाने में कुल आठ मामले दर्ज है। इसके अलावा झारखंड के भी कई थाने में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि सपन इस्टर्न रीजनल ब्यूरो सेंट्रल कमिटी के सदस्य विवेक उर्फ प्रयाग दा के दस्ते का प्रमुख सदस्य है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी पुलिस ने खैरा थाना क्षेत्र के कोडासी जंगल से शीर्ष नक्सली अरविंद यादव के खास सहयोगी सिकंदरा राजा डीह गांव निवासी बैद्यनाथ यादव को गिरफ्तार किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static