जमुई में पेड़ से लटका मिला 14 वर्षीय किशोर का शव, आत्महत्या की आशंका से हड़कंप
Sunday, Mar 15, 2026-05:59 PM (IST)
Jamui News: बिहार के जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत बाटियां थाना क्षेत्र में रविवार को एक 14 वर्षीय लापता किशोर का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान बाटियां थाना क्षेत्र के बरसीतीया गांव निवासी महेंद्र सिंह के पुत्र गोखिल कुमार सिंह के रूप में हुई है।
नशे का आदि था किशोर
जानकारी के अनुसार किशोर को मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने की लत थी और वह नशे के लिए सुलेशन का भी उपयोग करता था। मृतक के भाई गौतम कुमार ने बताया कि गोखिल चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ घर से दूर जाकर मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था। परिवार के अनुसार वह नशे का भी आदी हो गया था और नशे के लिए सुलेशन का इस्तेमाल करता था। परिजनों के मुताबिक गोखिल शनिवार को करीब तीन बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
देर शाम तक परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार को जंगल में लकड़ी काटने गए कुछ लोगों ने पेड़ पर एक किशोर का शव लटका देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद बाटियां थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमाटर्म के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

