पूर्व सांसद का भतीजा नशे की हालत में गिरफ्तार, पुलिस पर जमा रहा था धौंस; रसूख भी नहीं आया काम

Monday, Mar 16, 2026-12:46 PM (IST)

Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बक्सर पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की है। शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में प्रवेश कर रहे महाराजगंज के पूर्व बाहुबली सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे, सुधीर सिंह को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम सहित सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। 

चेकिंग के दौरान पकड़ी गई वीआईपी कार 

मिली जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना पुलिस वीर कुंवर सिंह सेतु (गंगा पुल) पर सघन वाहन तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक काली इनोवा कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। जैसे ही थानाध्यक्ष सुरेश कुमार और उनकी टीम गाड़ी के पास पहुंचे, चालक की सीट पर बैठे सुधीर सिंह के मुंह से शराब की तेज गंध आई। 

पैरवी और रसूख का नहीं चला जोर 

पुलिस ने जब सुधीर सिंह को गाड़ी से उतरने को कहा, तो वे आपा खो बैठे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ न केवल तीखी बहस की, बल्कि अपने पारिवारिक और राजनीतिक रसूख की धौंस दिखाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। पुलिस स्टेशन ले जाते समय भी उनका आक्रामक व्यवहार जारी रहा और उन्होंने पुलिस बल के साथ गाली-गलौज की। बता दें कि सुधीर सिंह के चाचा प्रभुनाथ सिंह सांसद रहे हैं, पिता दीनानाथ सिंह विधायक रह चुके हैं और उनके चचेरे भाई रणधीर सिंह मांझी विधानसभा (सारण) से जेडीयू विधायक हैं। 

कानून सबके लिए बराबर: SDPO 

सदर SDPO गौरव पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मेडिकल जांच में सुधीर सिंह के नशे में होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, वाहन की तलाशी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कई रसूखदार गलियारों से दबाव बनाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि कानून के उल्लंघन पर किसी की सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static