होली के जश्न में युवक से दरिंदगी...नशे में धुत दोस्तों ने गुदा मार्ग में डाल दिया स्टील का ग्लास, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान
Thursday, Mar 12, 2026-11:33 AM (IST)
Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। महाराष्ट्र में मजदूरी करने वाले एक बिहारी युवक के साथ उसके ही दोस्तों ने होली के जश्न के दौरान क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आपसी विवाद के बाद नशे में धुत आरोपियों ने युवक के गुदा मार्ग (Rectum) में स्टील का एक गिलास जबरन डाल दिया। करीब एक सप्ताह तक असहनीय पीड़ा और मौत से जूझने के बाद, पूर्णिया के डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर युवक की जान बचाई है।
विवाद के बाद नशे में की दरिंदगी
जानकारी के अनुसार, घटना 4 मार्च की है। बताया जा रहा है कि जब पीड़ित युवक महाराष्ट्र में अपने दोस्तों के साथ होली मना रहा था तो उसी दौरान किसी बात को उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। वही नशे में धुत दोस्तों ने पहले युवक को बुरी तरह पीटा और फिर क्रूरता की हदें पार करते हुए उसके शरीर के संवेदनशील हिस्से में स्टील का गिलास घुसा दिया।
72 घंटे का कष्टकारी सफर और लोक-लाज का डर
हैरानी की बात यह है कि लोक-लाज और आरोपियों के खौफ के कारण युवक ने महाराष्ट्र में किसी को कुछ नहीं बताया और ट्रेन पकड़कर पूर्णिया के लिए रवाना हो गया। तीन दिनों की लंबी रेल यात्रा के दौरान वह दर्द से तड़पता रहा। घर पहुंचने पर जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ और उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।
ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टर भी रह गए दंग
वहीं जांच के बाद पूर्णिया के वरिष्ठ सर्जन डॉ. तारकेश्वर कुमार और एनेस्थेटिस्ट डॉ. विकास कुमार भी हैरान रह गए। सिग्मॉइडोस्कोपी में पता चला कि स्टील का गिलास मलाशय की काफी गहराई में फंसा हुआ था। डॉक्टरों के अनुसार, गिलास के कारण अंदरूनी अंगों के फटने और 'सेप्सिस' (खून में संक्रमण) फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ था। थोड़ी भी देरी जानलेवा साबित हो सकती थी।
सफल सर्जरी और वर्तमान स्थिति
डॉक्टरों की टीम ने 'स्पाइनल एनेस्थीसिया' के जरिए बिना किसी बड़ी चीर-फाड़ के गिलास को शरीर से बाहर निकाल दिया। फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन आंतरिक चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे कड़े मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

