सिक्किम में हुए सड़क हादसे में खगड़िया का जवान शहीद, इलाके में पसरा मातम, फुट फुटकर रोई मां

12/24/2022 4:37:00 PM

खगड़िया(अभिषेक कुमार सिंह): उत्तरी सिक्किम के लाचेन से करीब 15 किमी दूर जेमा में शुक्रवार की सुबह सेना का एक ट्रक खाई में गिर गया। मिली जानकारी के अनुसार वाहन में 20 जवान सवार थे, जिसमें से 16 जवान शहीद हो गए, जबकि 4 घायल बताए जा रहे हैं। वहीं इस हादसे में शहीद 3 जेसीओ में खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड के दरियापुर भेलवा पंचायत के नयागांव पंचखुट्टी निवासी दिनेश मिश्र व मृदुला देवी के पुत्र चंदन कुमार मिश्र भी शामिल हैं।

PunjabKesari

मिली जानकारी के अनुसार,  चंदन कुमार 2001 में नासिक से आर्मी में भर्ती हुए थे और हाल के दिनों में उनकी पोस्टिंग सिक्किम के भारत-चीन सीमा के समीप थी। बीते शुक्रवार को आर्मी की ओर से चंदन के परिजनों को दोपहर करीब 1 बजे महज इतना बताया गया था कि चंदन कुमार मिश्र एक्सीडेंट में जख्मी हो गए हैं और उनका इलाज चल रहा है। दरअसल, चंदन के पिता की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें शहीद होने की जानकारी नहीं दी गई। बताया जाता है कि चंदन कुमार की पत्नी एवं बच्चे सिक्किम में ही रहते थे। शहीद जवान अपने पीछे पत्नी सहित 11 वर्षीय पुत्री आराध्या एवं 7 वर्षीय पुत्र मयंक को छोड़ गए हैं।

परिवार में छाया मातम
वहीं भारतीय सेना के शहीद जवानों का श्रद्धांजलि समारोह शनिवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पर होगा। सेना के अधिकारियों के मुताबिक श्रद्धांजलि समारोह  आयोजित होगा। इसके पश्चात उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाकर अगुवानी गंगा घाट में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। अंततः इस घटनाक्रम को लेकर उनके घर परिवार सभी जगह कोहराम मचा हुआ हैं। इधर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर हादसे पर गहरा दुख जताया है।

हादसे में 16 जवान हुए शहीद 
बता दें कि सेना की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि हादसा उस वक्त हुआ जब सेना का वाहन एक तीखे मोड़ पर फिसल कर सीधे खाई में जा गिरा। दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर जा रहा था। इसी दौरान ज़ेमा मार्ग में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और 4 घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया, जबकि 3 जूनियर कमीशंड अधिकारी और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण दम तोड़ दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static