खगड़िया में सभी 4 सीट पर JDU ने प्रतिद्वंद्वी पर चलाया सियासी ‘तीर'', दो पर निशाना चूका

11/11/2020 10:41:30 AM

पटनाः बिहार में खगड़िया जिले की सभी चार सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने महागठबंधन और अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी पर सियासी ‘तीर' चलाया जिसमें दो सीटों पर उसका निशाना सही लगा जबकि दो सीट पर निशाना चूक गया। इस बार खगड़िया में अलौली (सुरक्षित), खगड़िया, बेलदौर और परबत्ता सीट पर राजग ने महागठबंधन और अन्य राजनीतिक दलों पर सियासी ‘तीर' चलाने का जिम्मा जदयू को दिया था।

अलौली (सु) सीट से महाठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के निवर्तमान विधायक चंदन राम की जगह पूर्व विधायक रामवृक्ष सदा ने चुनावी महाकुंभ में भाग्य आजमाया वहीं जदयू ने उनपर सियासी ‘तीर' चलाने का जिम्मा सत्ता के संग्राम की नई खिलाड़ी साधना देवी को दी। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने राजद और जदयू को चुनौती देने के लिए पूर्व विधायक रामचंद्र सदा को चुनावी अखाड़े में उतारा था। राजद के रामवृक्ष सदा ने जदयू की साधना देवी को 2773 मतों से मात दे दी। वर्ष 2015 में राजद उम्मीदवार चंदन कुमार ने सही निशाने पर तीर चलाकर लोजपा प्रत्याशी और दिवंगत पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस (अभी हाजीपुर सांसद) को 24470 मतों के अंतर से मात दे दी थी। पशुपति कुमार पारस ने अलौली विधानसभा क्षेत्र में सात बार प्रतिनिधत्व किया है। अलौली विधानसभा क्षेत्र से रामविलास पासवान भी वर्ष 1969 में निर्वाचित हुए थे।

खगड़िया सीट से कई नरसंहार के आरोपी पूर्व विधायक जेल में बंद रणवीर यादव की पत्नी जदयू की पूनम देवी यादव पांचवी बार जीत का सेहरा अपने नाम करने की कोशिश में लगी थी। पूनम यादव ने सियासी कर्मभूमि में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद यादव के पुत्र और कांग्रेस उम्मीदवार छत्रपति यादव तथा जदयू से बागी (लोजपा) प्रत्याशी और पूर्व सांसद रेणु कुमारी पर ‘तीर' चलाया लेकिन उनका निशाना चूक गया। कांग्रेस उम्मीदवार छत्रपति यादव ने जदयू उम्मीदवार पूनम देवी यादव को 3000 मतों से परास्त कर दिया था। वर्ष 2015 में जदयू की पूनम यादव ने हम उम्मीदवार और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र राजेश कुमार को 25565 मतों के अंतर से शिकस्त दी थी।

बेलदौर विधानसभा सीट पर जदयू के निवर्तमान विधायक पन्ना सिंह पटेल सियासी पिच पर जीत की ‘हैट्रिक' लगाने के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतरे। पन्ना पटेल ने कांग्रेस ने नए योद्धा डॉ.चंदन यादव को 5108 मतों से पराजित कर दिया। परबत्ता सीट से जदयू ने निवर्तमान रामानंद प्रसाद सिंह की जगह उनके पुत्र और चुनावी दंगल में पहली बार ताल ठोक रहे डा.संजीव कुमार को उम्मीदवार बनाया। जदयू प्रत्याशी ने राजद के दिंगबर तिवारी को कड़े मुकाबले में 951 मतों के अंतर से चित कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static