Bihar Weather: पछुआ हवा ने बढ़ाई मुश्किल... दिन व रात के तापमान में महज 1.8 डिग्री का अंतर

Friday, Jan 06, 2023-10:40 AM (IST)

मुज़फ़्फ़रपुर: मुज़फ़्फ़रपुर सहित पूरे बिहार में ठंड का सितम जारी है। पहाड़ों पर जारी बर्फबारी व पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में शीतलहर चल रही है। कपकपाती ठंड से जनजीवन बेहाल है। लगातार 5 दिनों से धूप नहीं निकल रही है। तेज पछुआ हवा चलने से ठंड के साथ कनकनी भी बरकरार है।

PunjabKesari

2-3 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, साल 1960 से लेकर अब तक 1 से 5 जनवरी के बीच अधिकतम तापमान में कभी इतनी गिरावट नहीं हुई। अधिकतम तापमान 11.8 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज 1.8 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस कम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पिछले 63 साल में 1 से 5 जनवरी तक की यह सबसे अधिक गिरावट है। मौसम काफी सर्द है, करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है। इससे कनकनी महसूस हो रही है। विभाग की ओर से अगले तीन-चार दिनों तक इस तरह के मौसम रहने का अनुमान लगाया गया है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 0.8 डिग्री कम है।

PunjabKesari

पिछले 63 साल में यह सबसे ज्यादा गिरावट
बता दें कि वायुमंडल में नमी की मात्रा काफी बढ़ गई है, साथ ही बादल छा रहे हैं। इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार साल 1960 से लेकर 2023 तक 1 से 5 जनवरी के बीच का अधिकतम तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से इस ठंड में पूरी तरह से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही कहा है कि वाहन चलाते समय पूरी तरह सावधानी बरतें।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static